Date: 28/09/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

नशामुक्त युवा अभियान के तहत ‘मेरा स्वास्थ्य मेरा गर्व’ स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित, दिया विशेष जानकारिया ....

9/27/2026 4:32:06 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ के अंतर्गत रविवार को ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’ (Mera Swasthya, Mera Garv) स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 100 सप्ताह के नशा मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखते हुए उन्हें स्वास्थ्य, खेल, अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, भोजपुर (बिहार) द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सदर अस्पताल, आरा के सहयोग से किया गया। शिविर के दौरान युवाओं एवं आमजन को नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा स्वस्थ जीवनशैली, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, मानसिक स्वास्थ्य तथा नशे से दूर रहने के महत्व पर जानकारी दी गई। इस अवसर पर युवाओं को प्रेरित करते हुए जिला युवा  अधिकारी माय भारत संजना वत्स ने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल विकास, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाएंगे, तो भारत के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। इसलिए नशे के खिलाफ जागरूकता को जनआंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है।
सिविल सर्जन भोजपुर डॉ शिवेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ केवल जागरूकता का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, जिम्मेदार और सकारात्मक जीवन की ओर ले जाने का निरंतर प्रयास है। युवाओं की भागीदारी से ही नशामुक्त, स्वस्थ और सशक्त भारत के संकल्प को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं एवं प्रतिभागियों से नशे से स्वयं दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य युवाओं को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने का आह्वान किया गया।
 
आरा से कोयलांचल लाइव क़े लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट