Jamshedpur : कांड्रा स्थित एसकेजी फुटबॉल मैदान में विजयादशमी के पावन अवसर पर श्री श्री रावण दहन कमेटी की ओर से भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कमेटी के प्लैटिनम जुबली वर्ष के उपलक्ष्य में इस बार 75 फीट ऊंचा विशालकाय रावण तैयार किया गया। शाम होते-होते मैदान दर्शकों से खचाखच भर गया। आयोजन को देखने के लिए 70 हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ी। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने रावण दहन का यह ऐतिहासिक दृश्य अपनी आंखों से देखा।जैसे ही रावण पर तीर चला और विशाल पुतला धधक उठा, आसमान आतिशबाजी से जगमगा उठा। रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने पूरे समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सबकी नजरें रावण की जलती आकृति और आसमान में फूटते पटाखों पर टिकी रहीं। इस दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ी नजर रखी गई और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया। कांड्रा का यह रावण दहन अब सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जिले की एक बड़ी सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। प्लैटिनम जुबली वर्ष में 75 फीट के रावण ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़