Date: 29/10/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद, ट्रक चालक गिरफ्तार

10/29/2026 5:44:26 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Bhojpur : पुलिस और मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोइलवर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक से 2570.760 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से ट्रक के सह-चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। भोजपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 29 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मादक पदार्थों और अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुप्त सूचना के आधार पर कुल्हड़िया टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बक्सर की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर NL01AD-4312 है, को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक से विभिन्न ब्रांडों की कुल 2570.760 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, ट्रक के सह-चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल बरामद शराब के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है, ताकि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। इस मामले में कोइलवर थाना कांड संख्या 240/26, दिनांक 29 अक्टूबर 2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाना था।
 
भोजपुर से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट ।