Date: 10/11/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छठ घाटों पर दिखेगी रौनक, सफाई के साथ बनेगा सेल्फी प्वाइंट...

11/10/2026 4:05:55 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Jamtara : जामताड़ा लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर पंचायत जामताड़ा की ओर से शहर के विभिन्न जलाशयों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई का अभियान युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। छठ महापर्व में अब कुछ ही दिन शेष रहने के कारण नगर पंचायत प्रशासन घाटों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में जुट गया है। इसके तहत राजाबांध, सरकार बांध सहित शहर के अन्य प्रमुख तालाबों एवं सरोवरों की साफ-सफाई कराई जा रही है। सफाई अभियान के दौरान जलाशयों से कचरा, गंदगी एवं झाड़ियों को हटाया जा रहा है। वहीं घाटों के आसपास की सफाई के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां भी की जा रही हैं। इस अभियान में नगर पंचायत के सफाई कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। सरकारी स्तर पर चल रहे इस अभियान में आम लोगों का सहयोग भी देखने को मिल रहा है। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व झारखंड सहित पूरे देश में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण पर्व है। इसे देखते हुए नगर पंचायत की ओर से सभी छठ घाटों की साफ-सफाई को प्राथमिकता दी जा रही है। हमारा प्रयास है कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को छठ पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। सभी जलाशयों एवं घाटों की सफाई समय रहते पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे सफाई अभियान में सहयोग करें और जलाशयों में कूड़ा-कचरा नहीं डालें, ताकि छठ महापर्व स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण गुप्ता ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस बार सभी छठ घाटों की सफाई के उपरांत भगवान आराध्यदेव सूर्यदेव की प्रतिमा स्थापित की जा रही है, जहां पूजा अर्चना के साथ सेल्दी पॉइंट रहेगा।

 

जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट