Gomo : यह किसी खेल के मैदान की तस्वीर नहीं, बल्कि गोमो स्थित रेलवे के वार्ड एंड वॉच कॉलोनी के तालाब की बदहाल स्थिति है। तालाब की हालत देखकर ऐसा लगता है मानो इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। छठ महापर्व में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन तालाब की स्थिति श्रद्धालुओं के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। सवाल उठता है कि क्या इस बार भी छठ व्रती और श्रद्धालु इसी गंदगी के बीच भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए मजबूर होंगे। दरअसल, तालाब पूरी तरह जलकुंभी से पट चुका है। पानी की स्थिति इतनी खराब है कि आसपास से गुजरना भी मुश्किल हो रहा है। तालाब से उठने वाली दुर्गंध के कारण लोग वहां एक मिनट भी ठहरना पसंद नहीं करते। इतना ही नहीं, तालाब के ठीक बाहर सड़क के बीचोंबीच कचरे का अंबार लगा हुआ है, जबकि तालाब के किनारे पूजा-पाठ की पुरानी सामग्री भी बिखरी पड़ी है। छठ जैसे पवित्र और आस्था के महापर्व से पहले इस तरह की गंदगी स्थानीय व्यवस्था और लोगों की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े कर रही है। इस संबंध में स्थानीय निवासी विजय दे ने बताया कि तालाब की इस दुर्दशा के लिए स्थानीय लोग भी जिम्मेदार हैं। अगर लोग खुद जागरूक होकर तालाब की साफ-सफाई और रखरखाव पर ध्यान देते, तो आज ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। अब सवाल यह है कि छठ पूजा से पहले इस तालाब की साफ-सफाई कब होगी? क्या रेलवे प्रशासन और स्थानीय लोग समय रहते इसकी सुध लेंगे, ताकि छठ व्रतियों को स्वच्छ वातावरण में भगवान सूर्य को अर्घ्य देने की सुविधा मिल सके।
कोयलांचल लाइव डेस्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़