Dhanbad : धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भेलाटांड स्थित शिव अस्पताल में इलाज के दौरान चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। बच्ची की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि बच्ची को बुखार की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन 24 घंटे तक डॉक्टर ने उसे देखने तक की जहमत नहीं उठाई। इतना ही नहीं, बार-बार फोन करने के बावजूद डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंचे और इलाज की जिम्मेदारी कथित तौर पर नशे में रहने वाले कंपाउंडर के भरोसे छोड़ दी गई। आखिरकार मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची बरवाअड्डा पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भेलाटांड स्थित शिव अस्पताल का है, जिसका संचालन डॉक्टर आरके सिंह द्वारा किया जाता है। भेलाटांड निवासी अभिलाष महतो ने अपनी चार वर्षीय बच्ची को बुखार की शिकायत के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि बच्ची अस्पताल में भर्ती रही, लेकिन करीब 24 घंटे तक डॉक्टर उसे देखने नहीं पहुंचे। इस दौरान बच्ची की जांच रिपोर्ट भी परिजनों को नहीं दिखाई गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि अस्पताल में इलाज की जिम्मेदारी ऐसे कंपाउंडर के भरोसे थी, जो कथित तौर पर शराब के नशे में रहता था। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने कई बार फोन कर डॉक्टर आरके सिंह से बच्ची की हालत देखने और इलाज करने की गुहार लगाई, लेकिन डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंचे। इसी बीच मंगलवार की सुबह बच्ची ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी। घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझाकर स्थिति शांत कराई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि परिजनों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों की जांच में क्या सामने आता है और अस्पताल प्रबंधन पर क्या कार्रवाई होती है। चार साल की मासूम की मौत ने अस्पताल की व्यवस्था और इलाज की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होना अभी बाकी है।
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़