Date: 12/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बिहार में फिर गोलीकांड से सनसनी, ऋतिक सिंह की मौत; पुलिस खंगाल रही वारदात की वजह...

11/12/2026 12:49:50 PM IST

8
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Bhojpur : बिहार के भोजपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। गुरुवार की शाम गजराजगंज के समीप पूर्व के विवाद को लेकर अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर इलाके में सनसनी फैला दी। इस दौरान अपराधियों ने ऋतिक सिंह नामक युवक को गोलियों से भून डाला, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं, गोलीबारी में युवराज नामक एक अन्य युवक जख्मी हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर गोली मारी। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जख्मी युवराज को इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित डॉ. विकास कुमार सिंह के यहां भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुशील कुमार स्थानीय थाना पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मामले की छानबीन की जा रही है। गोलीबारी के पीछे पूर्व का विवाद बताया जा रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस अनुसंधान कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक ऋतिक सिंह के पिता बिहार पुलिस के स्पेशल ब्रांच में हवलदार के पद पर पदस्थापित हैं। उनका परिवार वर्तमान में आरा नगर थाना क्षेत्र के मझौआ स्थित देवनगर में मकान बनाकर रहता है। फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी हुई है।

 

भोजपुर से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट