Date: 15/11/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सूर्य नगरी देव में छठ की धूम, खरना को लेकर व्रतियों में उत्साह
 

11/14/2026 12:46:21 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger  :  लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ बिहार में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय इस महापर्व के दूसरे दिन आज खरना का अनुष्ठान किया जा रहा है। औरंगाबाद की ऐतिहासिक और पौराणिक सूर्य नगरी देव में छठ को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही व्रती स्नान कर खरना की तैयारियों में जुटे हैं। औरंगाबाद की सूर्य नगरी देव में छठ महापर्व की रौनक देखते ही बन रही है। खरना को लेकर सुबह से ही व्रती नदी, तालाब और विभिन्न जलाशयों में स्नान कर पूजा की तैयारियों में जुटे हुए हैं। घरों में साफ-सफाई के साथ प्रसाद बनाने की तैयारी की जा रही है। खरना के दिन मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर और रोटी बनाने की परंपरा है। पूरी शुद्धता और पवित्रता के साथ तैयार किया गया यह प्रसाद व्रती शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना के बाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी। सूर्य नगरी देव में छठ का विशेष धार्मिक और पौराणिक महत्व है। यही वजह है कि यहां छठ मनाने के लिए दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में खरना के बाद व्रती अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। पूरे देव क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
 
औरंगाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए रुपेश कुमार की रिपोर्ट |