Dhanbad : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत धनबाद के पूर्वी टुंडी प्रखंड परिसर में परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया। कृषि और पशुपालन विभाग की ओर से रबी फसल के बीज और कृषि उपकरण दिए गए, वहीं साड़ी-धोती और स्कूली बच्चों के बीच साइकिल वितरण की औपचारिकता भी पूरी की गई। इसके अलावा महिला स्वयं सहायता समूहों को 36 लाख रुपये के चेक सौंपे गए। लेकिन इस कार्यक्रम में साइकिल वितरण को लेकर ऐसा खुलासा हुआ, जिसने पूरे आयोजन पर सवाल खड़े कर दिए। स्कूली बच्चों ने बताया कि उन्हें साइकिल तीन महीने पहले ही मिल चुकी है, लेकिन आज उन्हें दोबारा सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए बुलाया गया। वह भी कड़ाके की ठंड और बारिश के बीच। अब सवाल उठ रहा है कि क्या सरकारी कार्यक्रम सिर्फ तस्वीरों और कागजी उपलब्धियों तक सीमित रह गए हैं| झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पूर्वी टुंडी प्रखंड सभागार में आयोजित परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के लाभुकों को विभिन्न परिसंपत्तियां सौंपी गईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो मौजूद रहे। इस दौरान कृषि एवं पशुपालन विभाग की ओर से लाभुकों के बीच रबी फसल के बीज और कृषि उपकरण वितरित किए गए। वहीं साड़ी-धोती योजना के तहत वस्त्रों का वितरण किया गया। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 36 लाख रुपये के चेक भी सौंपे गए। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को भी साइकिल वितरण के लिए बुलाया गया था। लेकिन जब बच्चों से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें साइकिलें करीब तीन महीने पहले ही मिल चुकी हैं। इसके बावजूद उन्हें दोबारा प्रखंड परिसर में बुलाया गया। बच्चों के अनुसार, उन्हें यहां सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए बुलाया गया था। हैरानी की बात यह रही कि कड़ाके की ठंड और लगातार हो रही बारिश के बीच स्कूली बच्चों को कार्यक्रम में मौजूद रहना पड़ा। बच्चों के इस खुलासे के बाद सरकारी आयोजन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। लोगों ने पूछा कि जब बच्चों को साइकिल पहले ही मिल चुकी थी, तो फिर उन्हें खराब मौसम में दोबारा बुलाने की जरूरत क्या थी? क्या यह सिर्फ सरकारी कार्यक्रम की तस्वीरों में भीड़ और वितरण दिखाने की कवायद थी एक तरफ सरकार अपनी कल्याणकारी योजनाओं के जरिए ग्रामीणों और महिलाओं को लाभ पहुंचाने का दावा कर रही है, तो दूसरी तरफ स्कूली बच्चों को महज औपचारिकता के लिए बुलाए जाने के आरोप ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि बच्चों के इस खुलासे पर संबंधित अधिकारी क्या जवाब देते हैं और क्या इस मामले में जिम्मेदार लोगों से जवाब-तलब किया जाएगा?
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़