Date: 26/11/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

15 करोड़ का कथित मुआवजा घोटाला, वाराणसी से गिरफ्तारी; अब तक 18 आरोपी जेल में!

11/26/2026 12:59:53 PM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के बहुचर्चित रिंग रोड जमीन अधिग्रहण मुआवजा घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। करीब एक दशक पुराने इस घोटाले में एसीबी की टीम ने अप्राथमिकी अभियुक्त जय निवास पांडेय उर्फ शास्त्री को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार किया है। गुरुवार को धनबाद की अदालत में पेशी के बाद उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में जेल जाने वाले आरोपियों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। इनमें तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी भी शामिल हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि फर्जी जमीन के दस्तावेज तैयार कर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये का मुआवजा निकाला गया था। दरअसल, रिंग रोड जमीन अधिग्रहण मुआवजा घोटाले का मामला वर्ष 2016 में सामने आया था। आरोप है कि जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी मुआवजे की रकम हड़पने की सुनियोजित साजिश रची गई थी। इसी मामले में जांच के दौरान जय निवास पांडेय की भूमिका भी सामने आई। एसीबी के मुताबिक, जय निवास पांडेय पर फर्जी डीड के आधार पर करीब 15 करोड़ रुपये अपने और परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में ट्रांसफर कराने का आरोप है। उनकी पत्नी के नाम पर भी करोड़ों रुपये के लेन-देन की बात जांच में सामने आई है। जांच में धनबाद के मौजा संख्या-51, खाता संख्या-121 और प्लॉट संख्या-1630 की जमीन से जुड़ा कथित दस्तावेजी फर्जीवाड़ा भी सामने आया है। निगरानी विभाग के अनुसार, इस जमीन पर नरसिंह दास ने 21 अक्टूबर 1970 की डीड संख्या-25560 के आधार पर अपना दावा किया था। आरोप है कि फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे 6 करोड़ 32 लाख 13 हजार 585 रुपये 99 पैसे का मुआवजा हासिल किया गया। जिला अवर निबंधक कार्यालय के रिकॉर्ड के मुताबिक, मूल डीड बंगला लिपि में हराधन महतो और अन्य लोगों के नाम पर दर्ज थी, जबकि कथित तौर पर इसे अंग्रेजी में तैयार कर मुआवजा हासिल करने के लिए इस्तेमाल किया गया। इस पूरे मामले में जय निवास पांडेय के बड़े भाई विश्वनाथ शर्मा और नरसिंह दास की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है। जांच एजेंसी का दावा है कि सरकारी मुआवजे की करोड़ों रुपये की रकम हासिल करने में इनकी भी भूमिका रही है। वहीं, गिरफ्तारी के बाद जय निवास पांडेय ने खुद को निर्दोष बताते हुए अपने ऊपर लगे आरोपों को साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें बेवजह इस मामले में फंसाया गया है। उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वे न्याय पाने के लिए निचली अदालत से लेकर हाईकोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। आरोपी की ओर से इस मामले के शिकायतकर्ता भाजपा नेता रमेश राही पर भी साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया गया है। वहीं, उनके अधिवक्ता ने भी अपना पक्ष रखा है।
 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क