Date: 30/11/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बड़े स्कूलों की जमीन पर सरकारी दावा! कार्मेल और डिनोबिली को 7 दिन का अल्टीमेटम!

11/29/2026 1:02:20 PM IST

40
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन की कार्रवाई अब शहर के बड़े शिक्षण संस्थानों तक पहुंच गई है। झारूडीह स्थित कार्मेल स्कूल और जयप्रकाश नगर स्थित डिनोबिली स्कूल की जमीन को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। धनबाद अंचल कार्यालय के राजस्व रिकॉर्ड की जांच में दोनों स्कूलों के परिसर की जमीन सरकारी दर्ज होने की बात सामने आई है। इतना ही नहीं, डिनोबिली स्कूल के पार्किंग एरिया की जमीन पर भी सरकारी होने का दावा किया गया है। अंचल अधिकारी ने दोनों स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जमीन से संबंधित दस्तावेज पेश करने का निर्देश दिया है। यानी अब स्कूल प्रबंधन को अपनी जमीन के मालिकाना हक का प्रमाण देना होगा। दरअसल, धनबाद में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार तेज हो रहा है। बारामुड़ी खटाल और अन्य इलाकों में कार्रवाई के बाद अब प्रशासन ने शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों की जमीन का रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है। इस जांच में जयप्रकाश नगर स्थित डिनोबिली स्कूल की करीब 75 डिसमिल जमीन सरकारी बताई गई है। अंचल कार्यालय के मुताबिक, स्कूल खाता नंबर 136 के प्लॉट नंबर 333 पर स्थित है। इसके अलावा स्कूल का करीब 21 डिसमिल पार्किंग क्षेत्र भी सरकारी जमीन पर होने की बात राजस्व रिकॉर्ड में सामने आई है। वहीं, झारूडीह स्थित कार्मेल स्कूल की जमीन को लेकर भी अंचल कार्यालय ने जांच की है। राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार, खाता नंबर 142 के प्लॉट नंबर 91 में 1 एकड़ 69 डिसमिल जमीन केसरेहिंद दर्ज है। इसके अलावा खाता नंबर 136 के प्लॉट नंबर 22 में भी 1 एकड़ 5 डिसमिल जमीन सरकारी बताई गई है। इन रिकॉर्ड के आधार पर धनबाद अंचल अधिकारी रामप्रवेश कुमार ने दोनों स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है। स्कूल प्रबंधन को सात दिनों के भीतर जमीन से जुड़े वैध दस्तावेज और अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। अंचल अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई सिर्फ दो स्कूलों तक सीमित नहीं है। धनबाद के सभी सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों की जमीन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। डिनोबिली और कार्मेल स्कूल के अलावा SSLNT महिला महाविद्यालय, सिंफर सहित अन्य कॉलेजों और संस्थानों को भी नोटिस भेजकर जमीन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं। फिलहाल बड़ा सवाल यह है कि क्या दोनों स्कूल प्रबंधन प्रशासन के सामने जमीन के वैध दस्तावेज पेश कर पाएंगे? सात दिनों में सामने आने वाला जवाब तय करेगा कि इस पूरे मामले में आगे प्रशासन की कार्रवाई किस दिशा में बढ़ेगी।
 

संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क