Date: 30/11/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

नशामुक्त मुंगेर का संदेश लेकर सड़क पर उतरे युवा, साइकिल रेस में नंदन कुमार ने मारी बाजी!

11/29/2026 3:42:09 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर में नशा मुक्त युवा और विकसित भारत अभियान के तहत साइकिल रेस का आयोजन किया गया। रविवार को मेरा युवा भारत के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। साइकिल रेस के जरिये युवाओं ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। जिला युवा अधिकारी मयंक कुमार और मद्य निषेध सहायक आयुक्त विकेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित साइकिल रेस को अंबेडकर चौक से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यहां से प्रतियोगिता में शामिल युवा मॉडल स्कूल, नगर निगम, सदर अस्पताल, लाल दरवाजा और गंगानगर होते हुए वापस अंबेडकर चौक पहुंचे। पूरे रास्ते युवाओं का उत्साह देखते ही बना। प्रतियोगिता में जनता उच्च विद्यालय, तौफिर के दसवीं कक्षा के छात्र नंदन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सरस्वती विद्या मंदिर, पुरानीगंज के इलु कुमार दूसरे स्थान पर रहे, जबकि जनता उच्च विद्यालय, तौफिर के छात्र और सिकंदरपुर निवासी अभिनव कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर जिला युवा अधिकारी मयंक कुमार ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखना और उन्हें खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि खेल से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। साथ ही जिले के युवाओं को जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना भी अभियान का लक्ष्य है, ताकि मुंगेर के युवा बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर सकें।
 

मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट