Date: 26/02/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बच्चा चोरी की अफवाह में चार महिलाओं की बेरहमी से पिटाई, पुलिस ने भीड़ से छुड़ाया

2/25/2026 1:42:26 PM IST

44
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Baghmara : ​बाघमारा क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाहें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला ईस्ट बासुरिया ओपी अंतर्गत निछानी पूल के समीप का है, जहाँ बच्चा चोर होने के संदेह में उग्र भीड़ ने चार महिलाओं की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस और कतरास सर्कल इंस्पेक्टर मुकेश चौधरी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद महिलाओं को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला। ​मिली जानकारी के अनुसार, निछानी पूल के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रही चार महिलाओं को देखकर स्थानीय लोगों में बच्चा चोरी की चर्चा होने लगी। देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। उत्तेजित भीड़ ने बिना कुछ सोचे-समझे महिलाओं पर हमला कर दिया और उनके साथ जानलेवा मारपीट की। ​घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे कतरास सर्कल इंस्पेक्टर मुकेश चौधरी और भारी संख्या में पुलिस बल ने भीड़ को शांत कराया और चारों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले आई।​पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि दो महिलायें गोरखपुर उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं, और दो महिलायें देवरिया जिले कि है।पुलिस फिलहाल उनके दावों की सत्यता की जांच कर रही है और उनके परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है।
​​मामले पर जानकारी देते हुए सर्कल इंस्पेक्टर मुकेश चौधरी ने कहा कि क्षेत्र में बच्चा चोरी की कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह महज एक अफवाह है। जनता से अपील है कि वे कानून को अपने हाथ में न लें। यदि कोई संदिग्ध दिखता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। मारपीट करना अपराध है और ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।​वही अफवाहों को रोकने के लिए क्षेत्र में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
 
बाघमारा से कोयलांचल लाइव के लिए काशीनाथ की रिपोर्ट