Date: 09/03/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

विधायक राज सिन्हा ने नवनियुक्त चौकीदारों का पदस्थापन का मुद्दा उठाया विधान सभा में ,कहा ...

3/9/2026 2:40:34 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad  :- झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने आज झारखंड विधानसभा में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को गंभीरता के साथ सदन के जोरदार तरीके से रखा ।विधायक राज सिन्हा ने धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में जीवन रक्षक उपकरण ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर के वर्तमान में बंद एवं खराब पड़े होने का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में उपलब्ध दूसरा ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर लगभग 10 वर्ष पुराना और जर्जर स्थिति में है, जिससे मरीजों को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इसके साथ ही उन्होंने सदन को अवगत कराया कि ब्लड ट्रांसपोर्टेशन वैन/कैन की अनुपलब्धता के कारण मरीजों और उनके परिजनों को रक्त लाने तथा उसके सुरक्षित स्टोरेज में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विधायक श्री सिन्हा ने सरकार से अस्पताल में नया ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर उपलब्ध कराने तथा ब्लड ट्रांसपोर्टेशन वैन/कैन की व्यवस्था यथाशीघ्र सुनिश्चित करने की जोरदार मांग की, ताकि धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को समय पर और सुरक्षित रक्त उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त विधायक राज सिन्हा ने तारांकित प्रश्न के तहत गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड सरकार से चौकीदार संवर्ग नियमावली 2015 से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या झारखंड पुलिस हस्तक भाग–1 के नियम 110 (ख)(1) एवं 110 (ख)(3) के तहत ग्रामीण पुलिस थाना में चौकीदारों के लिए दैनिक परेड पद्धति का विभागीय प्रावधान है। उन्होंने यह भी प्रश्न किया कि क्या यह सत्य है कि विभागीय प्रावधान के विपरीत धनबाद जिला सहित राज्य के अन्य जिलों में नवनियुक्त चौकीदारों (ग्राम रक्षा दल) का पदस्थापन अन्य कार्यालयों में कर दिया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की विधि-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। विधायक श्री सिन्हा ने सरकार से पूछा कि विभागीय प्रावधान के अनुरूप नवनियुक्त चौकीदारों का पदस्थापन ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस थानों में कब तक किया जाएगा। विधायक श्री सिन्हा ने एक अन्य प्रश्न के माध्यम से यह भी पूछा कि क्या भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 37 के तहत प्रत्येक जिला और राज्य स्तर पर पुलिस नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा प्रत्येक थाना एवं जिला मुख्यालय में गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की जानकारी डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित करने का वैधानिक प्रावधान है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या सरकार द्वारा अब तक सभी थाना एवं जिला नियंत्रण कक्षों में इस व्यवस्था के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी थाना तथा जिला नियंत्रण कक्षों में प्रतिदिन गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की जानकारी डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित करने के लिए पर्याप्त उपकरणों की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए। विधायक राज सिन्हा ने कहा कि इन व्यवस्थाओं के लागू होने से आमलोगों के बीच प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ेगी तथा आम जनता को भी आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी।
 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क