Date: 02/11/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा, विद्यार्थियों को दिलाई गई मतदान की शपथ!

11/2/2026 12:25:24 PM IST

7
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Jamtara : जामताड़ा मेरा युवा भारत, जामताड़ा के तत्वावधान में सोमवार को दुलाडीह स्थित नर्सिंग कौशल कॉलेज परिसर में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के महत्व, मताधिकार और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के नामित सदस्य मनीष दुबे उपस्थित रहे। इनके अलावा माय भारत जामताड़ा की उप निदेशक उत्तरा विश्वास, एपीए उदय कुमार, नर्सिंग कॉलेज के एडमिन अरुण कुमार सिंह तथा नर्सिंग कौशल कॉलेज के प्रिंसिपल विशाक विश्वनाथन मौजूद थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यक्रम के दौरान युवाओं को लोकतंत्र में मतदान की भूमिका, अपने मताधिकार के प्रति जिम्मेदारी तथा निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही एसआईआर के उद्देश्य, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और सूची में अपना नाम सही तरीके से दर्ज कराने के महत्व पर भी चर्चा की गई। अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक होना जरूरी है। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। युवाओं को स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की गई। इस अवसर पर यूथ आइकॉन स्नेहा शर्मा ने मतदान के अधिकार एवं एसआईआर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। वहीं जामताड़ा की नेशनल प्लेयर दिवाशी हेंब्रम ने अपने अनुभव युवाओं के बीच रखे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन एपीए उदय कुमार ने किया। अंत में उपस्थित सभी लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। मौके पर संजीत सागर, साहिब मंडल, लखिन्दर सिंह, अंजली मिंज, प्रमिला मुर्मू, मिथुन महतो सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

 

जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट