Date: 15/03/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बंगाल को लेकर प्रवीण तोगड़िया का आया बड़ा बयान,कहा...  

3/13/2026 4:04:01 PM IST

39
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
गयाजी : अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया शुक्रवार को दो दिवसीय प्रवास पर गयाजी पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले विश्व प्रसिद्ध भगवान विष्णु के चरण चिन्ह पर माथा टेका और पूजा-अर्चना की। विष्णुपद मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और बाद में मीडिया से बातचीत की। मीडिया से बात करते हुए प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि लोकतंत्र में हमेशा बहुमत की जीत होती है। देश में लोकतंत्र है और जनता ही फैसला करती है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी बहुमत का ही फैसला सामने आएगा और वहां हिंदू की जीत होगी। तोगड़िया ने कहा कि अब देश में हिंदू समाज संगठित हो रहा है और आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि देशभर में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद की ओर से एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य हिंदू समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बनाना है। उन्होंने कहा कि “हिंदू घर सुरक्षित, हिंदू घर रोग मुक्त” के नारे के साथ संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर-शहर में काम कर रहे हैं। इस अभियान में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के साथ बजरंग दल और महिला परिषद की सदस्य भी सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। तोगड़िया ने कहा कि समाज के बीच संवाद और संगठन को मजबूत करना ही इस दौरे का मकसद है। उन्होंने कहा कि गयाजी आकर भगवान विष्णु का दर्शन किया और आशीर्वाद लिया है। यहां से वह देशभर में चल रहे अभियान को और तेज करने का संदेश लेकर जा रहे हैं। मीडिया ने जब उनसे अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर सवाल किया तो उन्होंने ईरान और इजराइल के बीच चल रहे तनाव पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दोनों देश एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। उनके अनुसार यह ऐसा माहौल है जिसमें सभी एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं और फिर उसी पर खुश भी हो रहे हैं।
शंकराचार्य से जुड़े सवाल पर तोगड़िया ने कहा कि शंकराचार्य सनातन धर्म के सबसे बड़े धर्म गुरु हैं। उन पर टिप्पणी करने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने कहा कि धर्म गुरुओं का सम्मान होना चाहिए। वहीं गया सहित पूरे देश के कई जगहों पर सामने आ रही कमर्शियल गैस व घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत के सवाल पर उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात और युद्ध की वजह से ऐसी चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की ओर से साफ कहा गया है कि कोई बड़ा संकट नहीं है। ऐसे में सरकार की बातों पर हमें भरोसा करना चाहिए। गौरतलब है कि प्रवीण तोगड़िया का यह दौरा संगठनात्मक बैठकों और कार्यकर्ताओं से संवाद को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके कार्यक्रम को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
 
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट