Date: 16/03/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 सिविल कोर्ट परीक्षा देने आए दो अभ्यर्थियों को ट्रैक्टर ने कुचला, मौके पर हुई मौत,मृतक के पहचान करने में जुटी पुलिस 

3/15/2026 12:57:07 PM IST

70
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gayaji  : गया शहर के स्टेशन रोड स्थित शनि मंदिर के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में सिविल कोर्ट की चौथी श्रेणी की परीक्षा देने आए दो अभ्यर्थियों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि दोनों युवक अपने परीक्षा केंद्र का पता कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी। सड़क किनारे ठेला लगाकर सामान बना रहे एक दुकानदार ने बताया कि ट्रैक्टर ने पहले दोनों युवकों को टक्कर मारी और फिर उसकी ठेली में भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ठेला पूरी तरह टूट गया और सारा सामान बर्बाद हो गया। कोतवाली थाना के इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक युवक मुजफ्फरपुर और दूसरा भोजपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और अन्य अभ्यर्थियों में काफी आक्रोश देखा गया। लोगों ने स्टेशन रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में लापरवाही से वाहन चलाने से ऐसे हादसे हो रहे हैं।
 
याजी से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट