Date: 16/03/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

धनबाद जंक्शन पर अवैध वसूली की चर्चा, RPF के नाम पर दलाल कर रहा दुकानदारों से उगाही,वीडियो हुआ वायरल 

3/15/2026 4:38:01 PM IST

47
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad :- झारखंड के धनबाद जंक्शन से इन दिनों कथित अवैध वसूली की खबरें सामने आ रही हैं। प्लेटफार्म से लेकर स्टेशन रोड तक छोटे दुकानदारों के बीच इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि RPF के नाम पर एक कथित दलाल सोनू और उसके कुछ सहयोगी अस्थायी दुकानदारों से रोजाना पैसे वसूल रहे हैं। बताया जा रहा है कि स्टेशन रोड पर लगने वाली लिट्टी-चाय, फल, पान, फूल और अन्य छोटी दुकानों से प्रतिदिन करीब 200 रुपये तक की वसूली की जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि अगर कोई पैसा देने से मना करता है तो उसे दुकान हटाने की धमकी दी जाती है। आरोप है कि RPF की कार्रवाई का डर दिखाकर यह कथित उगाही की जाती है, जिससे छोटे और गरीब कारोबारियों में भय का माहौल बना हुआ है। कुछ दुकानदारों का यह भी दावा है कि इस तरह की वसूली से हर दिन हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की रकम इकट्ठा की जा रही है। हालांकि इन आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और RPF की ओर से भी इस मामले में फिलहाल कोई बयान सामने नहीं आया है। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर सोनू कौन है और क्या उसे किसी का संरक्षण प्राप्त है, या फिर ये केवल आरोप हैं। फिलहाल इस पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए पड़ताल जारी है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क