Date: 16/05/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

खूनी संघर्ष, दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान
 

3/30/2026 12:20:39 PM IST

95
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger :मुंगेर के कोतवाली थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान दो पूजा समितियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस हिंसक झड़प में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।दरअसल, मामला बेकापुर किराना पट्टी का है, जहां रविवार की रात  दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान गार्डन बाजार फुलवारी और बेकापुर किराना पट्टी स्थित बसंती दुर्गा पूजा समितियों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान ईंट, लाठी और भाले तक चलाए गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में बेकापुर किराना पट्टी निवासी विकास कुमार, सौरभ कुमार और गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों ने बताया कि  हम लोग महाआरती कर रहे थे, तभी गार्डन बाजार फुलवारी की पूजा समिति के लोग अपनी प्रतिमा लेकर उस रास्ते से आ गए, जबकि पहले कहा था कि नहीं आएंगे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। घायल पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान दुर्गा प्रतिमा के जेवर लूटने का भी प्रयास किया गया, हालांकि समिति के लोगों ने किसी तरह जेवर को सुरक्षित बचा लिया।घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली थाना में लिखित शिकायत देने की बात कही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और इलाके में शांति व्यवस्था कायम रखने की कोशिश की जा रही है।
 
कोलयांचल लाइव के लिए मुंगेर से इम्तियाज खान की रिपोर्ट