Date: 05/05/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

शादी से पहले दूल्हा की जमकर पिटाई ,दुल्हा समेत 10 लोग घायल 

4/23/2026 5:38:33 PM IST

77
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad  :जहानाबाद जिला के भेलावर ओपी अंतर्गत जमालपुर गांव में देर रात एक शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर बारात और लड़की पक्ष के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते यह कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें दुल्हा समेत करीब दस लोग घायल हो गए। साथ ही बारात में शामिल तीन वाहनों के शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, काको थाना क्षेत्र के सम्मसपुर गांव निवासी सूर्यदेव यादव के पुत्र विकास कुमार की बारात जमालपुर गांव पहुंची थी। बारात के आगमन के बाद विवाह की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान डीजे बजाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया।घटना में मिथलेश यादव, मुनारिक यादव, राजीव कुमार, उमेश यादव, अजय कुमार, मुकेश कुमार और दुल्हा विकास कुमार सहित लगभग दस लोग जख्मी हो गए। मारपीट के दौरान अफरा-तफरी मच गई और कुछ उपद्रवी तत्वों ने बारात की तीन गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को इलाज के लिए काको प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जाता है कि तनावपूर्ण माहौल के बावजूद रात में ही किसी तरह विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।  सुबह दुल्हन की विदाई कर दी गई, जिसके बाद बारात वापस लौट गई।
 
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट