Date: 28/04/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

आधुनिक शहर की ओर मुंगेर ने बढ़ाया कदम ,राज्य मंत्रिमंडल से मिली मंजूरी 

4/28/2026 3:12:00 PM IST

10
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger :मुंगेर अब पारंपरिक पहचान से आगे बढ़कर आधुनिक शहर की ओर कदम बढ़ा रहा है। राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद ‘अंग क्षेत्र टाउनशिप’ परियोजना को जमीन पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है।बरियारपुर, जमालपुर, धरहरा और हवेली खड़गपुर प्रखंड के 43 राजस्व ग्रामों में फैली यह टाउनशिप करीब हजारों एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी। इसमें ‘कोर एरिया’ और ‘स्पेशल एरिया’ का वैज्ञानिक विभाजन किया गया है, ताकि सुनियोजित शहरी ढांचा तैयार हो सके। सरकार का लक्ष्य है कि यह टाउनशिप 21वीं सदी की सभी शहरी जरूरतों को पूरा करे। टाउनशिप के भीतर शिक्षा, स्वास्थ्य और मनोरंजन के लिए अलग-अलग जोन बनाए जाएंगे। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्कूल, अत्याधुनिक अस्पताल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एक ही परिसर में उपलब्ध होंगे, जिससे लोगों को बेहतर जीवनशैली मिल सके। परियोजना की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए चिह्नित क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री पर एक साल की रोक लगा दी है। जल्द ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी और रैयतों को बाजार दर के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता ने बताया कि कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब डीपीआर तैयार की जा रही है। यह टाउनशिप मुंगेर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
वही विशेषज्ञों की मानें तो इस परियोजना से मुंगेर में रियल एस्टेट सेक्टर को नई रफ्तार मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।सरकार की दीर्घकालिक सोच के तहत यह टाउनशिप न केवल एक रिहायशी इलाका होगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों का नया केंद्र भी बनेगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत चौड़ी सड़कों का नेटवर्क, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, हरित पार्क और बड़े व्यावसायिक केंद्र विकसित किए जाएंगे। अंग प्रदेश’ की ऐतिहासिक विरासत को संजोते हुए यह आधुनिक टाउनशिप मुंगेर को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आधार बनेगा।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज खान की रिपोर्ट