Date: 16/08/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मईया सम्मान योजना के सत्यापन में उमड़ी महिलाओं की भीड़, घंटों बाहर इंतजार

6/1/2026 2:48:11 PM IST

96
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के तहत चल रहे फिजिकल वेरिफिकेशन को लेकर प्रखंड मुख्यालय में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। योजना का पैसा रुका होने या अब तक राशि नहीं मिलने की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं सत्यापन कराने पहुंचीं। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच सुबह से ही महिलाओं की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते प्रखंड कार्यालय परिसर में इतनी भीड़ हो गई कि कर्मचारियों को व्यवस्था संभालने में परेशानी होने लगी। भीड़ बढ़ने के कारण कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कर्मचारियों और होमगार्ड जवानों ने महिलाओं को परिसर से बाहर निकाला और मुख्य गेट बंद कर दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में महिलाएं घंटों तक कार्यालय के बाहर खड़ी रहीं। इस दौरान कई महिलाओं ने अपनी परेशानी भी जताई और कहा कि वे योजना से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए दूर-दूर से आई हैं। महिलाओं का कहना है कि सत्यापन और भुगतान संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि उन्हें योजना का लाभ समय पर मिल सके। वहीं प्रशासन व्यवस्था बनाए रखने और सत्यापन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने में जुटा रहा।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट