Date: 02/06/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 गांव में जल संकट से हाहाकार, सुबह 3 बजे से लाइन में लगने को मजबूर ग्रामीण

6/2/2026 3:50:34 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Saraikela : सरायकेला के राजनगर प्रखंड स्थित टाँगरजोड़ा गांव के नीचे टोला में इन दिनों गंभीर पेयजल संकट गहराता जा रहा है। स्थिति ऐसी है कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए रोजाना भारी संघर्ष करना पड़ रहा है। करीब 60 से 70 परिवारों की लगभग 200 की आबादी केवल एक ही जलस्रोत पर निर्भर है, लेकिन पानी की आपूर्ति जरूरत के मुकाबले बेहद कम है। पानी की कमी के कारण महिलाओं को रोजाना तड़के तीन बजे से ही नल के पास कतार लगानी पड़ती है। घंटों इंतजार के बावजूद पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता, जिससे उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। इसी दौरान कई बार पानी भरने को लेकर महिलाओं के बीच कहासुनी और विवाद की घटनाएं भी सामने आती हैं। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, ग्रामीणों की परेशानियां और भी गंभीर होती जा रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से क्षेत्र में पेयजल संकट बना हुआ है, लेकिन पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान, खराब पड़ी जलापूर्ति योजनाओं को दुरुस्त करने और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट