Date: 02/06/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

भव्य पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ संपन्न हुआ सप्ताह ज्ञान भागवत कथा, पहुंचे एसपी, बाबा से लिया आशीर्वाद 
 
 

6/2/2026 7:56:45 PM IST

12
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
आरा। शहर के बैंक कॉलोनी स्थित मनोकामना मंदिर के तृतीय स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान कथा का समापन वैदिक मंत्रोच्चार, पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हो गया। पिछले एक सप्ताह से चल रहे इस आध्यात्मिक महोत्सव में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे थे। समापन दिवस पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। अनंत विभूषित संत स्वामी रंगनाथाचार्य जी महाराज के मंगलानुशासन में आयोजित इस कथा महोत्सव के अंतिम दिन बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने कथा का रसपान कर आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त की तथा आयोजन की सराहना की। अपने कथा समाप्ति के अंतिम प्रवचन में महाराज श्री ने पूरे सप्ताह की कथा का सार प्रस्तुत करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति, धर्म, सत्य, करुणा एवं मानव जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को नैतिकता, संस्कार और मानवता का संदेश देने का माध्यम है। कथा श्रवण से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है तथा भगवान के प्रति श्रद्धा और विश्वास दृढ़ होता है। समापन अवसर पर वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पूर्णाहुति यज्ञ संपन्न कराया गया। इस दौरान कथा आयोजन से जुड़े श्रद्धालुओं एवं यजमानों ने हवन कुंड में आहुति देकर परिवार,समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। पूर्णाहुति कार्यक्रम में क्रांतिकारी गोविंदचार्ज, कुरेशा चार्ज, गोपी शर्मा एवं विष्णु कांत सहित अन्य श्रद्धालुओं ने विशेष रूप से भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराया। कथा समाप्ति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता गुड्डू सिंह बबुआन के तरफ से 20 हजार श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण का इंजताम किया गया था। प्रसाद ग्रहण करने के लिए दूर-दराज से आए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। आयोजन समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ व्यवस्था संभाली, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। समापन समारोह में महाराज श्री ने आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं को सफल और भव्य आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि मनोकामना मंदिर में आयोजित यह कथा केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज को एक सूत्र में बांधने वाला आध्यात्मिक उत्सव बन गया है। उन्होंने सभी भक्तों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए भगवान से सबके कल्याण का आशीर्वाद मांगा। पूरे सप्ताह चले इस ज्ञान यज्ञ के समापन के साथ ही बैंक कॉलोनी का वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। 
 
कोयलांचल लाइव के लिए आरा से आशुतोष की रिपोर्ट