Date: 20/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

दियारा क्षेत्र में हिरणों का अस्तित्व संकट में, ग्रामीणों ने वन विभाग से संरक्षण की मांग

6/10/2026 4:42:54 PM IST

67
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Ara :आरा से शाहपुर जाने के दौरान  गंगा नदी के दियारा क्षेत्र में प्राकृतिक रूप से विचरण करते हिरण अब धीरे-धीरे दुर्लभ होते जा रहे हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि कभी बड़ी संख्या में दिखाई देने वाले हिरण अब कभी-कभार ही नजर आते हैं। इसका मुख्य कारण उनके प्राकृतिक आवास का लगातार समाप्त होना बताया जा रहा है। जानकारों के अनुसार दियारा क्षेत्र के झाड़-झंखाड़, मूंज, सरपत, रेतीले टीलों और घासयुक्त इलाकों में तेजी से कमी आई है, जिससे हिरणों के लिए सुरक्षित आवास और भोजन की समस्या उत्पन्न हो गई है। इसके अलावा अवैध शिकार का खतरा भी इन वन्य जीवों पर लगातार मंडराता रहता है। हालांकि स्थानीय ग्रामीण हिरणों की सुरक्षा को लेकर सजग रहते हैं और उनकी निगरानी भी करते हैं, लेकिन बदलते पर्यावरणीय हालात के कारण उनकी संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। क्षेत्र में हिरणों का दिखना अब एक दुर्लभ दृश्य बनता जा रहा है। वन और पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने वन विभाग से इस दिशा में विशेष पहल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते हिरणों के संरक्षण एवं उनके प्राकृतिक आवास को बचाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में यह वन्य जीव दियारा क्षेत्र से पूरी तरह गायब हो सकते हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से नियमित निगरानी, अवैध शिकार पर रोक तथा हिरणों के अनुकूल वातावरण विकसित करने की मांग की है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट