Date: 20/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 चापापुर OCP की ब्लास्टिंग से धंसी सड़क, ग्रामीणों ने ठप कराया खनन कार्य

6/19/2026 2:20:12 PM IST

29
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : निरसा के चापापुर ओसीपी में हो रही ब्लास्टिंग के कारण शुक्रवार को गोपालगंज से बेनागोरिया जाने वाली ग्रामीण सड़क धंस गई है। करीब 10 मीटर लंबी सड़क 5 फीट गहरी और लगभग 50 मीटर क्षेत्र में धंसने से क्षेत्र में आवागमन ठप हो गया है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। घटना के बाद जिला परिषद सदस्य पिंकी मरांडी, समाजसेवी अंजलि पासवान और ग्रामीणों ने मिलकर ओसीपी का काम बंद करा दिया। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक सड़क की मरम्मत नहीं होगी और सुरक्षा की गारंटी नहीं मिलेगी, तब तक खनन कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि चापापुर ओसीपी में लगातार हो रही भारी ब्लास्टिंग के कारण पहले भी कई घरों में दरारें पड़ चुकी हैं। अब सड़क धंसने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। सड़क धंसने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है और कभी भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। जिला परिषद सदस्य पिंकी मरांडी ने ओसीपी का संचालन कर रही रेड्डी कंपनी पर मामला दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि कंपनी की लापरवाही के कारण लोगों की जान-माल पर खतरा मंडरा रहा है। वहीं समाजसेवी अंजलि पासवान ने कहा कि ब्लास्टिंग के मानकों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए और धंसी हुई सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस गंभीर मामले की जानकारी तीन दिन पहले धनबाद सांसद और कई बार स्थानीय विधायक को भी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के कारण लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल ग्रामीणों के विरोध के बाद चापापुर ओसीपी में काम बंद है। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। अब सभी की नजर जिला प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि सड़क की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी मांगों पर कब तक निर्णय लिया जाता है।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क