Date: 20/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 स्टोन क्रशर-खनन परियोजना पर बंटे ग्रामीण, रोजगार बनाम पर्यावरण की छिड़ी बहस

6/13/2026 5:32:53 PM IST

42
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के पटमदा प्रखंड के कांकु गांव में प्रस्तावित स्टोन क्रशर और खनन परियोजना को लेकर ग्रामीणों के बीच मतभेद अब धीरे धीरे बढ़ने लगा है। जहां एक ओर कुछ लोग पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर विरोध कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर रैयत और स्थानीय ग्रामीण इसे रोजगार और विकास की उम्मीद के तौर पर देख रहे हैं। खनन परियोजना को लेकर ग्रामीण दो गुटों में बंट गए हैं। एक पक्ष पर्यावरण और जनजीवन पर संभावित असर को देखते हुए परियोजना का विरोध कर रहा है और स्वीकृति प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग कर रहा है। वहीं दूसरी ओर कई रैयत परिवार और स्थानीय लोग उद्योग के समर्थन में आगे आए हैं। इन ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि क्षेत्र लंबे समय से आर्थिक रूप से पिछड़ा है और रोजगार की कमी के कारण युवाओं को पलायन करना पड़ता है।  ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, स्थानीय विकास को गति मिलेगी और बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा। उनका यह भी कहना है कि 33 रैयत परिवारों ने अपनी जमीन उद्योग के लिए दी है और इससे क्षेत्र में सड़क, बिजली और शिक्षा जैसी सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उद्योग क्षेत्र तक बेहतर सड़क बनाई जाए और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए। फिलहाल इस परियोजना को लेकर गांव में दो राय साफ नजर आ रही हैं—एक तरफ विकास और रोजगार की उम्मीद, तो दूसरी तरफ पर्यावरणीय चिंता। प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट