Date: 15/06/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मी से अभद्रता व धमकी देने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज

6/14/2026 11:55:15 AM IST

61
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Ara  : भोजपुर  के आरा शहर स्थित नवादा थाना क्षेत्र के कृषि भवन परिसर में संचालित अंचल कार्यालय में एक राजस्व कर्मी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में पीड़ित राजस्व कर्मी ने स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अंचल कार्यालय में सीआई के पद पर कार्यरत बिष्णु देव सिंह ने तीन नामजद समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ नवादा थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि शुक्रवार की देर शाम वह कार्यालय में सहयोग पोर्टल से संबंधित कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पांच युवक कार्यालय में पहुंचे और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज करने लगे। राजस्व कर्मी के अनुसार, स्थिति बिगड़ती देख वह अपनी सुरक्षा के लिए सीओ चैंबर में चले गए, लेकिन आरोपित वहां भी पहुंच गए और उनके साथ धक्का-मुक्की की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों के पास हथियार थे तथा उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। घटना की सूचना मिलने पर कार्यालय के अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद सभी आरोपित वहां से चले गए। बताया जा रहा है कि पूरी घटना कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले को लेकर प्रशासनिक महकमे में चर्चा का माहौल है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट