Date: 09/09/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

नीट परीक्षार्थियों को बड़ी राहत, बिहार रोडवेज बसों में मिलेगा मुफ्त सफर

6/21/2026 12:05:28 PM IST

98
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : नीट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने बड़ी राहत दी है। अब परीक्षार्थी निगम की बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे। मुंगेर डिपो प्रशासन ने इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि छात्र बस में अपना नीट एडमिट कार्ड दिखाकर निशुल्क यात्रा का लाभ उठा सकते हैं। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानी नीट में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने विशेष सुविधा शुरू की है। मुंगेर डिपो के डिपो अधीक्षक संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि निगम की सभी निर्धारित रूटों पर चलने वाली बसों में परीक्षार्थियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान अपना नीट एडमिट कार्ड या पहचान पत्र दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि कई परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में आर्थिक बोझ कम करने और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। निगम के सभी चालकों और बस कर्मियों को भी इस संबंध में आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। डिपो अधीक्षक ने परीक्षार्थियों से समय से पहले बस स्टैंड पहुंचने और अपने साथ एडमिट कार्ड रखने की अपील की है। मुंगेर में इस बार नीट परीक्षा के लिए तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज मुंगेर, बैजनाथ राजकीय बालिका प्लस टू विद्यालय तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जमालपुर शामिल हैं। परीक्षा रविवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट