जामताड़ा: जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक, आत्मा के आदेशानुसार सोमवार को कर्माटांड़ प्रखंड सभागार में डिजिटल क्रॉप सर्वे के सर्वेयर और कृषक मित्रों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फसल बीमा और डिजिटल क्रॉप सर्वे के महत्व के साथ-साथ इससे किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर उप परियोजना निदेशक, आत्मा, जामताड़ा संजय कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की फसल बीमा और डिजिटल क्रॉप सर्वे महत्वपूर्ण योजनाएं हैं।
फसल बीमा के माध्यम से किसान प्राकृतिक आपदा या फसल नुकसान की स्थिति में मिलने वाले लाभ से जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो किसान फसल बीमा नहीं कराएंगे, वे योजना के लाभ से वंचित हो सकते हैं। वहीं, डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से फसलों से संबंधित आवश्यक आंकड़े जुटाने में मदद मिलेगी। इससे कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। प्रशिक्षक भानु प्रताप और अब्दुल मजीद ने डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान आने वाली विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी दी। उन्होंने डेमो के माध्यम से सर्वे करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया और सर्वेयरों की समस्याओं का समाधान बताया। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण के बाद कर्माटांड़ प्रखंड में फसल बीमा और डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा। कर्माटांड़ प्रखंड में डिजिटल क्रॉप सर्वे का लक्ष्य लगभग 1.10 लाख बताया गया है। कार्यक्रम में प्रखंड के जनसेवक लखीराम कोल, सुमित बेसरा, फसल बीमा के प्रखंड कोऑर्डिनेटर, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक विजय कुमार समेत कृषक मित्र और डिजिटल क्रॉप सर्वेयर मौजूद रहे।
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़