Date: 08/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

डीवीसी विस्थापितों का हक अटका, CSR योजना को लेकर उठे सवाल

9/8/2026 12:57:52 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtada  : दामोदर वैली वास्तुहारा मजदूर संघर्ष समिति की ओर से मंगलवार को तालबेड़िया गांव स्थित अस्थायी कार्यालय में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के जिला अध्यक्ष रोबिन मिर्धी ने की। बैठक में डीवीसी विस्थापितों के हित में संचालित होने वाली सीएसआर योजना का लाभ अब तक नहीं मिलने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। जिला अध्यक्ष रोबिन मिर्धी ने कहा कि डीवीसी की सीएसआर योजना का उद्घाटन 30 अगस्त 2025 को केलाही गांव में सिदो-कान्हू की प्रतिमा के समक्ष पूर्व सांसद फुरकान अंसारी एवं डीवीसी के अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया था। उद्घाटन के बाद एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन विस्थापित क्षेत्रों में सीएसआर योजना के तहत किसी प्रकार का कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह में योजना का संचालन पंचायत स्तर पर मुखिया के माध्यम से किए जाने की बात कही गई थी। समिति की पहल पर डीवीसी अधिकारियों एवं मुखियाओं के साथ बैठक भी कराई गई, बावजूद इसके विस्थापित परिवारों को योजना का लाभ नहीं मिल सका है। बैठक में समिति के सदस्यों ने मांग की कि सीएसआर योजना को अविलंब गति देकर विस्थापित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शुरू किए जाएं। समिति ने मुखियाओं से योजना को लेकर तत्काल पहल करने तथा किसी भी बिचौलिये या दलाल के चक्कर में नहीं पड़ने की अपील की। समिति ने यह भी कहा कि जामताड़ा के डीवीसी विस्थापित क्षेत्र में सोलर प्लांट लगाने की बात सामने आ रही है। यदि यह प्रस्ताव सही है तो विस्थापित परिवारों को इसमें शत-प्रतिशत रोजगार देने की गारंटी सुनिश्चित की जाए। बैठक में उपाध्यक्ष दिनबंधु पंडित, गोपाल पंडित, प्रमोद पंडित, लखीराम कोल, उमा पंडित, दिनेश हांसदा, कमल पंडित समेत कई विस्थापित मौजूद थे।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट