Date: 27/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 दर्दनाक सड़क हादसा: पेड़ से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

6/26/2026 1:55:52 PM IST

60
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : जहानाबाद जिले के मखदुमपुर-सोनवा सड़क मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक ही बाइक पर सवार चार युवक सोनवा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दादर बीघा गांव के समीप बाइक चालक ने संतुलन खो दिया और बाइक सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर दूर-दूर जाकर गिर पड़े। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को मखदुमपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि चारों युवक मखदुमपुर थाना क्षेत्र के अल्लाहगंज गांव के निवासी थे और एक ही बाइक पर सवार होकर सोनवा की ओर जा रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि सभी युवक घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे। कुछ ही देर बाद सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दो युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज पटना में चल रहा है। 
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट