Date: 06/04/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बंद कैप्टिव पावर प्लांट गैस हादसा, मौत का आंकड़ा पहुंचा 4 ,घटना पर ग्रामीण एसपी ने कहा ...

4/6/2026 11:25:29 AM IST

30
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
 Dhanbad : पुटकी थाना अंतर्गत मुनीडीह ओपी क्षेत्र के कैप्टिव पावर प्लांट (सीपीपी) में क्लोरीन गैस रिसाव मामले में सोमवार को एक और शव बरामद किया गया। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। नए मृतक की पहचान 35 वर्षीय वसीम अंसारी, निवासी केंदुआडीह राजपूत बस्ती के रूप में हुई है। वसीम का शव प्लांट की बाउंड्री से करीब 20 मीटर दूर पूर्वी छोर स्थित जंगल में औंधे मुंह पाया गया। हादसा शनिवार रात उस समय हुआ, जब करीब 15 युवक बंद पड़े प्लांट में लोहा चोरी करने घुसे थे। गैस कटर से क्लोरीन गैस से भरी लोहे की टंकी काटते ही तेजी से गैस का रिसाव होने लगा। रिसाव इतना तेज था कि देखते ही देखते मौके पर अफरातफरी मच गई और कई युवक बेहोश होकर गिर पड़े। उसी रात संजय यादव (केंदुआ), आनंद ताम्रकार उर्फ़ भोंदा (केंदुआ) और अजहरुद्दीन (लोयाबाद) के शव मिले थे।गैस का असर आधा किलोमीटर दूर तक पहुंचा। कपालघाट पंप हाउस में तैनात सीआईएसएफ के तीन जवान—दर्शन सिंह, विपिन कुमार और ज्ञान सिंह—साथ ही बीसीसीएल कर्मी पूना बाउरी व आउटसोर्स कर्मी दुनिया लाल सिंह भी बेहोश हो गए। सभी का इलाज सेंट्रल अस्पताल में चल रहा है।बताया जा रहा है कि प्लांट वर्षों से बंद है और परिसर में ओएनजीसी के साथ मिथेन गैस टेस्टिंग का काम चल रहा है। प्लांट की पिछली चहारदीवारी टूटी होने से चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं और चोर इसी रास्ते से अंदर घुसे थे। वहीं इस मामले में ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि बंद पड़े प्लांट में चोर लोहा काटने गए थे और इसी दौरान उन्होंने गैस भरी टंकी को काट दी, जिससे क्लोरीन गैस फैल गई। इसी जहरीली गैस की चपेट में आकर लोगों की मौत हुई और कुछ लोग बेहोश हो गए। एसपी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क