Date: 25/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

भोक्ता पूजा महापर्व का समापन, आस्था में डूबे हजारों श्रद्धालु, कठिन तपस्या कर भक्तों ने की बाबा धर्मराज की आराधना

6/26/2026 1:55:52 PM IST

99
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद के पूर्वी टुंडी प्रखंड के बामनबाद गांव में लोक आस्था का चार दिवसीय भोक्ता पूजा महापर्व भक्ति और श्रद्धा के साथ संपन्न हो गया। निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित इस पारंपरिक पर्व में आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और बाबा धर्मराज की पूजा-अर्चना की। चार दिनों तक चले इस अनुष्ठान में भक्तों ने कठिन तपस्या कर अपनी आस्था का परिचय दिया। मान्यता के अनुसार भोक्ता भक्त शरीर में तीखी कील और कांटे चुभाकर भगवान की आराधना करते हैं। इस दौरान भक्ति और विश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिला। बामनबाद गांव में आयोजित पूजा की शुरुआत सूर्य देव को अर्घ्य देने और पाट भोक्ता की पूजा के साथ हुई। निर्जला एकादशी की शाम ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य गाजन यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महापर्व का मुख्य आकर्षण भोर के समय देखने को मिला, जब मंदिर परिसर में तीखे और नुकीले कांटों का बिछावन तैयार किया गया। भोक्ता भक्तों ने इस पर लेटकर कठिन अनुष्ठान पूरा किया। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मुख्य पुजारी मनोज बनर्जी ने पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि बाबा धर्मराज के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है।
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए दीपक कुमार की रिपोर्ट