Date: 24/08/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

B.Sc Nursing छात्रों का फूटा गुस्सा, रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाकर सड़क जाम

8/24/2026 4:50:26 PM IST

7
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

आरा: भोजपुर जिले के आरा नवादा थाना क्षेत्र के गोदाना रोड, अनाइठ स्थित वर्मा कॉलेज में सोमवार को B.Sc Nursing के छात्र-छात्राओं का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं संस्थान के खिलाफ सड़क पर उतर गए और चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं का आरोप है कि परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद उनका परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आया। कई विद्यार्थियों ने रिजल्ट को लेकर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच कराने और समस्या का समाधान करने की मांग की। छात्रों के सड़क पर उतरने के बाद गोदाना रोड पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिससे वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई। प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राएं संस्थान प्रबंधन से अपनी शिकायत का समाधान कराने और रिजल्ट से जुड़ी कथित गड़बड़ियों को दूर करने की मांग पर अड़े रहे। छात्रों की मांग है कि रिजल्ट की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी स्तर पर गलती हुई है, तो उसे सुधारते हुए विद्यार्थियों के भविष्य के साथ न्याय किया जाए। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत कर यातायात व्यवस्था सामान्य कराने की कोशिश की। बिहार के अलग-अलग हिस्सों में हाल के दिनों में B.Sc Nursing के रिजल्ट को लेकर छात्रों के विरोध के मामले सामने आए हैं। ऐसे में आरा में भी छात्रों के सड़क पर उतरने के बाद अब देखना होगा कि कॉलेज प्रबंधन और संबंधित परीक्षा प्राधिकरण इस पूरे मामले पर क्या कदम उठाता है।

 

आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पाण्डेय की रिपोर्ट