Date: 27/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बेलौटी पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने भरत तिवारी के परिजनों से की मुलाकात, न्याय दिलाने का दिलाया भरोसा

6/27/2026 4:22:02 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : भोजपुर जिले के बेलौटी गांव में शनिवार को कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत तिवारी के परिजनों से मिलने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय एवं हरियाणा के बादली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स पहुंचे। उनके साथ बक्सर के पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी, भोजपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. श्रीधर तिवारी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेताओं ने शोकाकुल माता-पिता को सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भरत तिवारी प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अपने संबोधन में केंद्र एवं बिहार सरकार पर भी निशाना साधते हुए कई राजनीतिक आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस इस मामले में न्याय की लड़ाई लड़ेगी। वहीं हरियाणा के विधायक कुलदीप वत्स ने परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की तथा कहा कि न्यायिक लड़ाई में होने वाले आवश्यक खर्च के लिए भी वह सहयोग करने को तैयार हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए ताकि जांच पूरी तरह पारदर्शी हो सके। साथ ही उन्होंने जांच पूरी होने तक संबंधित पुलिसकर्मियों को जिले से बाहर भेजने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा पुलिस अधिकारियों की ओर से धमकी दिए जाने की बात भी उनके संज्ञान में लाई गई है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कुलदीप वत्स ने कहा कि वह इस पूरे मामले से संबंधित तथ्यों को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समक्ष रखेंगे। उन्होंने दावा किया कि जुलाई माह में प्रस्तावित बिहार दौरे के दौरान राहुल गांधी भी भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर सकते हैं। इस अवसर पर युवा प्रदेश प्रवक्ता स्नेहाशीष वर्धन, डॉ. भानु प्रताप सिंह, राजेश तिवारी 'टपू', राकेश त्रिपाठी, अरुण ओझा, साकेत तिवारी, गोलू तिवारी सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी वीरेन्द्र मिश्रा ने दी।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट