Date: 03/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 8 हजार की रिश्वत लेते पेटरवार प्रखंड कार्यालय का बड़ा बाबू एसीबी के हत्थे चढ़ा

7/2/2026 3:24:17 PM IST

27
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड कार्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) धनबाद की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी कर्मचारी को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शौचालय निर्माण योजना की शेष राशि जारी करने के एवज में घूस मांगने का आरोप है। इस संबंध में एसीबी धनबाद के अपर पुलिस अधीक्षक बिनोद कुमार महतो ने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, प्रमंडलीय कार्यालय धनबाद को एक संवेदक ने शिकायत दी थी कि ओरदाना 10+2 उच्च विद्यालय में शौचालय निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद भुगतान की शेष राशि जारी करने के लिए पेटरवार प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित बड़ा बाबू गुलाम रसूल दस हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी द्वारा आठ हजार रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन सही पाए जाने पर एसीबी धनबाद थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर ट्रैप टीम का गठन किया गया। गुरुवार को टीम ने पेटरवार प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित पुराने भवन में जाल बिछाकर आरोपी मो. गुलाम रसूल को परिवादी से आठ हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई। गिरफ्तार आरोपी मो. गुलाम रसूल पेटरवार प्रखंड कार्यालय में सहायक उर्दू अनुवादक के साथ अतिरिक्त प्रभार में प्रधान सहायक के पद पर कार्यरत हैं। एसीबी ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए दीपक कुमार की रिपोर्ट