Date: 04/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की तयारी ज़ोरो से 

7/22/2026 6:44:34 PM IST

58
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
मुंगेर :- विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले को लेकर मुंगेर के तारापुर अनुमंडल में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार कांवरियों की सुविधा को देखते हुए पहली बार खैरा में एक नहीं बल्कि तीन टेंट सिटी बनाई जा रही हैं। वहीं धर्मशालाओं की छतों पर भी विश्राम की व्यवस्था की गई है। श्रावणी मेले में आने वाले लाखों कांवरियों को बेहतर सुविधा देने के लिए मुंगेर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार खैरा में पर्यटन विभाग के अलावा पीएचईडी और नगर विकास विभाग की ओर से भी एक-एक टेंट सिटी बनाई जा रही है। यानी सिर्फ खैरा में कुल तीन टेंट सिटी तैयार होंगी। पूरे 26 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ पर संग्रामपुर में तीन, असरगंज में एक, तारापुर के धोबई में एक और खैरा में टेंट सिटी सहित कुल छह टेंट सिटी बनाई जा रही हैं। यहां श्रद्धालुओं के ठहरने के साथ शौचालय और स्नानागार की भी समुचित व्यवस्था रहेगी। पिछले साल मनियां धर्मशाला की छत पर विश्राम की व्यवस्था की गई थी। इस बार कुमरसार धर्मशाला की छत पर भी कांवरियों के ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक संख्या में श्रद्धालुओं को सुरक्षित ठहरने का स्थान मिल सके। प्रशासन के अनुसार कांवरिया पथ पर बालू बिछाने का करीब 80 से 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। जबकि पुलिस शिविर, स्वास्थ्य शिविर और बिजली जैसी व्यवस्थाएं मेला शुरू होने से दो दिन पहले तक पूरी कर ली जाएंगी। मेले के दौरान खैरा और कुमरसार के सांस्कृतिक पंडालों में प्रतिदिन भक्ति संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। प्रशासन का दावा है कि इस बार श्रावणी मेले में कांवरियों को पहले से बेहतर ठहराव, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए एम् डी इम्तियाज़ खान