Date: 10/09/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

11 महीने बाद फिर उठे सवाल विशाल-यश की मौत की दोबारा जांच की मांग

9/10/2026 2:44:42 PM IST

36
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
गया: मगध मेडिकल थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 में दो युवकों विशाल राज और यशराज की पानी में डूबने से हुई मौत का मामला करीब 11 महीने बाद फिर चर्चा में है। मृतकों की मां मंजू देवी और रिंकू देवी ने मगध रेंज के IG से मुलाकात कर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट की दोबारा जांच के लिए मेडिकल बोर्ड गठित करने और घटना के समय मौजूद लोगों की भूमिका की जांच की मांग की है। साथ ही दोनों युवकों के मोबाइल, कॉल डिटेल और लोकेशन की भी जांच कराने की मांग की गई है। परिजनों का आरोप है कि दोनों युवकों की मौत सामान्य घटना नहीं थी और साजिश की आशंका है। उन्होंने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी, मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच और परिवार को सुरक्षा देने की भी मांग की है। विशाल राज की मां मंजू देवी ने बताया कि उनका बेटा राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित था। वहीं यशराज की मां रिंकू देवी ने दावा किया कि घटना से पहले फोन पर उनका बेटा घबराया हुआ लग रहा था। परिजनों का कहना है कि उन्हें बदला नहीं, बल्कि दोनों युवकों की मौत की सच्चाई सामने आने और इंसाफ की जरूरत है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए गया से मनोज कुमार की रिपोर्ट