Date: 08/10/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जमशेदपुर में पीआईबी की 'वार्तालाप-2026' कार्यशाला, जनकल्याण योजनाओं पर पत्रकारों से सीधा संवाद

7/3/2026 6:40:08 PM IST

99
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

जमशेदपुर: भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रांची द्वारा शुक्रवार को जमशेदपुर में 'वार्तालाप-2026' मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय "12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के एवं किसान सशक्तिकरण तथा किसान सम्मान निधि" रहा। इसमें जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के करीब 70 पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, किसान-केंद्रित पहलों तथा विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विषयों पर मीडिया के साथ तथ्यपरक और सार्थक संवाद स्थापित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ |उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पीआईबी रांची/भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने कहा कि सरकार और मीडिया के बीच निरंतर संवाद लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि जनहितकारी योजनाओं की सही और तथ्यात्मक जानकारी आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है | पीआईबी रांची के मीडिया एवं संचार अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल में लागू प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके प्रभावों की जानकारी साझा की | तकनीकी सत्र में झारखंड दूरदर्शन समाचार इकाई के प्रमुख एवं सहायक निदेशक दिवाकर कुमार ने ड्रोन दीदी, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और आधुनिक कृषि तकनीकों को किसानों के सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल बताया। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र, पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ वैज्ञानिक (कृषि अभियांत्रिकी) सुरेंद्र सिंह मुंडा ने वैज्ञानिक खेती और नई तकनीकों के जरिए किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी | कार्यक्रम में पीआईबी रांची के कार्यालय प्रमुख गौरव कुमार पुष्कर ने पत्रकार कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। वहीं पद्मश्री एवं वरिष्ठ पत्रकार बलबीर दत्त ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में जिम्मेदार और सकारात्मक मीडिया की भूमिका पर जोर दिया। कार्यशाला के दौरान पत्रकारों ने विभिन्न योजनाओं और मीडिया से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों के साथ संवाद भी किया।

कोयलांचल लाइव के लिए जमशेदपुर से बिनोद केसरी की रिपोर्ट