Date: 06/07/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

डकैती की साजिश और अवैध हथियार बरामदगी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार 

7/6/2026 6:36:30 PM IST

6
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने डकैती की साजिश और अवैध हथियार बरामदगी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी वर्ष 2024 से फरार थे और पुलिस को उनकी तलाश थी। पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2024 को गुप्त सूचना मिली थी कि छोटा गोबिंदपुर स्थित मां कंस्ट्रक्शन के पास कुछ अपराधी अवैध हथियार के साथ डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर परसुडीह थाना पुलिस ने छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी राकेश पाल उर्फ सोना भगत के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया था। पूछताछ में इस साजिश में शामिल दो अन्य आरोपियों लखीकांत गोप उर्फ बेगी और समीर गोप उर्फ पोल्टू गोप के नाम सामने आए थे, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लखीकांत गोप के खिलाफ पहले से रंगदारी समेत अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि समीर गोप पर रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट