Date: 08/07/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

हिमांशु हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई , चार अन्य आरोपी गिरफ्तार

7/7/2026 5:20:33 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshepur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डीडी बार के मैनेजर विजय महानंद समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों के साथ ही इस मामले में अब तक कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जांच लगातार आगे बढ़ रही है और अन्य संदिग्धों की भी तलाश जारी है। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, चापड़, कुल्हाड़ी, भुजाली, चाकू, लोहे के पांच पीस पंच तथा घटना में इस्तेमाल की गई हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बरामद सामान को जब्त कर जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट