Date: 09/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

राहुल बच्चा हत्याकांड को लेकर पुलिस की जाँच जारी, चार अपराधी गिरफ्तार

7/9/2026 6:47:13 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur: जमशेदपुर के चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मानगो थाना पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।  वहीं मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ सब्बे को हथियार बरामदगी के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी है। फिलहाल उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत कई अहम साक्ष्य भी बरामद किए हैं। मानगो थाना क्षेत्र में 8 जुलाई को हुए राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के भाई राजा कुमार की शिकायत पर दर्ज मामले में पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली उर्फ बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय शामिल हैं। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी साहेब सिंह की निशानदेही पर हथियार बरामद करने के दौरान उसने छिपाकर रखी लोडेड देशी पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में साहेब सिंह घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने, खून से सने कपड़े, ईंट-पत्थर, लकड़ी, चप्पल, खून लगे रुपये और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी साहेब सिंह, अफताब अली और अमरजीत प्रसाद का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं मृतक राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा के खिलाफ भी हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज थे। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जमशेदपुर से बिनोद केसरी की रिपोर्ट