Date: 14/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

रामाश्रम सत्संग का द्विदिवसीय आंतरिक सत्संग संपन्न, पूर्णाहुति सभा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

7/13/2026 3:24:47 PM IST

40
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
धनबाद: रामाश्रम सत्संग, मथुरा के तत्वावधान में बेकार बांध पॉलिटेक्निक रोड स्थित ब्लेसिंग बैंक्विट हॉल में आयोजित द्विदिवसीय आंतरिक सत्संग का रविवार को पूर्णाहुति सभा के साथ भावपूर्ण समापन हो गया। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। गुरुजनों से विदा लेते समय कई श्रद्धालु भावुक हो उठे और पूरा परिसर भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा। इस दो दिवसीय सत्संग में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने प्रभु-भक्ति, ध्यान-साधना और सत्संग का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान आचार्यों ने विभिन्न आध्यात्मिक और पौराणिक प्रसंगों के माध्यम से गुरु एवं सत्संग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सच्चा सत्संग मनुष्य के जीवन में नैतिक, आध्यात्मिक और सकारात्मक परिवर्तन लाता है। नियमित ध्यान-साधना और ईश्वर स्मरण से जीवन तनावमुक्त, संतुलित और शांतिमय बनता है। सत्संग का मार्गदर्शन जयपुर से पधारे रामाश्रम सत्संग सिलसिले के वर्तमान गुरु परमपूज्य श्री अमित कुमार जी ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ईश्वर की प्राप्ति के लिए वन-जंगलों में भटकने की आवश्यकता नहीं है। गृहस्थ जीवन के सभी दायित्व निभाते हुए भी नियमित आध्यात्मिक साधना के माध्यम से ईश्वर की कृपा प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में जयपुर से डॉ. मोहित कुमार, वाराणसी से ओमप्रकाश मिश्र, रांची से शंकर सेन, देवघर से जेपी सिंह, गया से ऋषि कुमार, हजारीबाग से कृष्णकांत पाठक तथा मध्य प्रदेश से फतेह बहादुर सिंह सहित कई आचार्यगण उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में रामाश्रम सत्संग के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क