Date: 04/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बरोरा में दिनदहाड़े फायरिंग, बाल-बाल बचा युवक, पुलिस जांच में जुटी
 

8/1/2026 1:55:00 PM IST

39
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

बाघमारा : बाघमारा के बरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरोरा चेकपोस्ट के समीप शुक्रवार देर शाम कुछ युवकों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की। जानकारी के अनुसार, बरोरा चेकपोस्ट निवासी शंकर मंडल के पुत्र मधु मंडल को निशाना बनाकर गोली चलाई गई। हालांकि, इस घटना में मधु मंडल बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही बरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे भी बरामद किए हैं। भुक्तभोगी मधु मंडल ने बताया कि तीन युवक अचानक आए और गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि युवकों ने यह कहते हुए हमला किया कि "यही उन लोगों का साथ देता है।" इसके बाद एक युवक ने उन्हें थप्पड़ मारा और पिस्तौल निकालकर सीधे फायरिंग कर दी। फिलहाल, मधु मंडल ने मामले को लेकर बरोरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार बिमल बरोरा थाना पहुंचे। डीएसपी ने बताया कि एक युवक द्वारा बरोरा थाना में आवेदन दिया गया है, जिसमें बरोरा चेकपोस्ट के पास कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा दो राउंड फायरिंग कर फरार होने का उल्लेख किया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बरोरा थाना के अलावा आसपास के दो-तीन अन्य थानों के थाना प्रभारी, इंस्पेक्टर और पुलिस पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं तथा संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस फिलहाल घटना की सत्यता की पुष्टि करने में जुटी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की स्पष्ट पहचान की जा सके। डीएसपी ने कहा कि पुलिस संदिग्ध युवकों की पहचान करने में जुटी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 बाघमारा से कोयलांचल लाइव के लिए काशी नाथ रवानी की रिपोर्ट