Date: 15/07/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

आरा स्टेशन प्रबंधक प्रवीण ओझा का निधन, रेलवे महकमे में शोक की लहर

7/14/2026 11:58:31 AM IST

77
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : आरा रेलवे स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक प्रवीण ओझा का आज देर रात लगभग 12 बजे पटना में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही रेलवे विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों तथा शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रवीण ओझा अपने कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार एवं मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। रेलवे सेवा में उन्होंने अपनी कार्यकुशलता और समर्पण से अलग पहचान बनाई। वहीं सामाजिक जीवन में भी वे काफी लोकप्रिय थे तथा प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्रों में उनका व्यापक संपर्क था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। गत माह ही उन्होंने अपनी पुत्री का विवाह दिल्ली में संपन्न कराया था। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई देने के दौरान परिजनों, सहकर्मियों, मित्रों और शुभचिंतकों की आंखें नम हो गईं। सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। शोक व्यक्त करने वालों में पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय, आईएएस संजय सिंह, पत्रकार आशुतोष पाण्डेय, रेलवे विभाग के मनोज पाण्डेय, राकेश सिंह, अशोक मिश्रा, आरपीएफ प्रभारी दीपक सिंह सहित रेलवे के अनेक अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग शामिल रहे। सभी ने प्रवीण ओझा के निधन को रेलवे परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट