Date: 07/09/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

'तुम्बाड 2' में आलिया भट्ट की एंट्री, हॉरर यूनिवर्स में पहली बार आएंगी नजर

7/14/2026 11:58:31 AM IST

97
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट अब सुपरहिट हॉरर फिल्म 'तुम्बाड' के अगले चैप्टर का हिस्सा बनने जा रही हैं। अभिनेता और निर्माता सोहम शाह ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि आलिया फिल्म 'तुम्बाड 2' की स्टारकास्ट में शामिल हो गई हैं। फिल्म के ऐलान के साथ जारी पोस्ट में आलिया भट्ट का स्वागत करते हुए सोहम शाह ने कहा कि अब हस्तार की रहस्यमयी दुनिया एक नए अध्याय में प्रवेश करने जा रही है। वहीं आलिया भट्ट ने भी इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि 'तुम्बाड' की अनोखी और रहस्यमयी दुनिया उन्हें हमेशा आकर्षित करती रही है और इस फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास है। साल 2018 में रिलीज हुई 'तुम्बाड' को अपनी दमदार कहानी, बेहतरीन विजुअल्स और अलग अंदाज के हॉरर के लिए दर्शकों और समीक्षकों से खूब सराहना मिली थी। अब इसके दूसरे भाग को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। फिलहाल 'तुम्बाड 2' की रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन आलिया भट्ट की एंट्री के बाद यह फिल्म सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गई है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क