Date: 18/07/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

शादी के 18 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप

7/17/2026 3:33:36 PM IST

20
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jahanabad : जहानाबाद में शादी के महज 18 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पति समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। जहानाबाद जिले के धंधर बिगहा गांव निवासी रोहन पासवान की शादी 27 जून को वैशाली जिले के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के तरसी गांव निवासी मंचन भगत की पुत्री रितु कुमारी से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के महज 18 दिन बाद रितु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता मंचन भगत ने आरोप लगाया कि शादी में उनकी हैसियत के अनुसार दो लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान दिए गए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर रितु को लगातार प्रताड़ित करता था। परिजनों का कहना है कि घटना से पहले रितु ने फोन कर बताया था कि ससुराल वाले उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। कुछ देर बाद ससुराल से सूचना मिली कि उसकी तबीयत खराब है। जब परिजन धंधर बिगहा पहुंचे, तब तक रितु की मौत हो चुकी थी। मृतका के पिता का आरोप है कि रितु के शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे मारपीट की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में पति रोहन पासवान, सास-ससुर समेत पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
 
जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट