Date: 18/07/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

एलबीएसएम कॉलेज छात्र पर जानलेवा हमला, न्याय की मांग को लेकर परसुडीह थाना का घेराव

7/17/2026 3:33:36 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर में एलबीएसएम कॉलेज के एक छात्र पर हुए कथित जानलेवा हमले के विरोध में शुक्रवार को परसुडीह थाना परिसर में छात्रों, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर मामले में सुस्ती बरतने का आरोप लगाते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। एलबीएसएम कॉलेज के छात्र शुक्रा हो पर हुए कथित जानलेवा हमले के विरोध में शुक्रवार को परसुडीह थाना परिसर आंदोलन का केंद्र बन गया। बड़ी संख्या में छात्र, ग्रामीण और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि थाना पहुंचे और मुख्य गेट के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उनका कहना था कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई नहीं करती है तो छात्र और ग्रामीण मिलकर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज करेंगे। घायल छात्र शुक्रा हो ने बताया कि बीते बुधवार रात करीब 10 बजे वह अस्पताल से खाना खाने के लिए निकले थे। इसी दौरान परसुडीह थाना क्षेत्र के दुर्गा पूजा मैदान मोड़ के पास बाइक से आए चार से पांच युवकों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार हमलावरों ने लाठी, लोहे की चेन और अन्य हथियारों से उनके सिर, हाथ और कमर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शुक्रा हो का आरोप है कि कुछ दिन पहले उन्होंने छात्रावास परिसर में एक युवक और युवती को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। उन्हें आशंका है कि उसी घटना का बदला लेने की नीयत से उन पर हमला कराया गया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद परसुडीह थाना में लिखित शिकायत भी दी गई, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इधर प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो लोगों का पुलिस पर से भरोसा उठ जाएगा। उनका कहना था कि एक छात्र पर खुलेआम जानलेवा हमला होना बेहद गंभीर मामला है और पुलिस को बिना किसी पक्षपात के जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र, ग्रामीण और सामाजिक संगठन मिलकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट