Date: 18/07/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गुप्त नवरात्र में विपदतारिणी मां काली के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब

7/18/2026 12:16:44 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : गुप्त नवरात्र के पावन अवसर पर धनबाद के हीरापुर स्थित करीब 250 वर्ष पुराने श्री श्री श्यामा पूजा कमिटी काली मंदिर, तेलीपाड़ा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विपदतारिणी मां काली के दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संकटों से रक्षा और मनोकामना पूर्ति की कामना करते हुए मां का आशीर्वाद लिया। गुप्त नवरात्र के अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही महिला, पुरुष और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते रहे। भक्तों ने मां काली के चरणों में पुष्प, चुनरी और प्रसाद अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय माहौल और जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर की पुजारिन सुप्रिया पांडेय ने बताया कि गुप्त नवरात्र में मां काली की विपदतारिणी स्वरूप में पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार मां अपने भक्तों के सभी कष्ट, पीड़ा, आपदा और विपदा को दूर कर उनकी रक्षा करती हैं। इसी अटूट आस्था के कारण दूर-दराज़ से भी श्रद्धालु यहां दर्शन और पूजा के लिए पहुंचते हैं। मंदिर समिति के सचिव संतोष साव ने बताया कि तेलीपाड़ा का यह काली मंदिर लगभग 250 वर्ष पुराना है और धनबाद के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक माना जाता है। गुप्त नवरात्र के दौरान यहां विशेष धार्मिक अनुष्ठान, पूजा और आराधना का आयोजन किया जाता है, जिसमें हर वर्ष हजारों श्रद्धालु शामिल होकर मां का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। गुप्त नवरात्र के अवसर पर विपदतारिणी मां काली के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था एक बार फिर देखने को मिली। सुबह से देर शाम तक भक्तों की भीड़ मंदिर में उमड़ती रही और पूरे परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क